वजन दिवस पर गुरुवार को डीएम पुष्पा सिंह ने प्राइमरी स्कूल प्रथम व द्वितीय थरियांव का हाल लिया। शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर न होने पर प्राइमरी स्कूल प्रथम के प्रधानाचार्य पर निलंबन की गाज गिरी। निरीक्षण के दौरान दोनों स्कूलों से 10 बच्चे अति कुपोषित मिले। डीएम ने बच्चों को समय से पुष्टाहार दिए जाने की बात कही। साथ ही वजन मशीनें खराब मिलने पर कार्यकत्रियों व सहायिकाओं पर कार्रवाई करने की बात कही।
निरीक्षण पर पहुंची डीएम पुष्पा सिंह ने साफ सफाई पर जोर देते हुए आंगनबाड़ी केंद्र नियमित खोले जाने को आगाह किया। वजन का ग्रोथ चार्ट में अंकन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राइमरी स्कूल प्रथम के आधा दर्जन व द्वितीय में चार बच्चों के अतिकुपोषित मिलने पर उत्तरदायित्व का बोध कराया। बुधवार व शनिवार को टीकाकरण कराए जाने की बात करते हुए डीएम ने वजन मशीनों को लेकर नजरिया साफ कर दिया। स्पष्ट तौर पर कहा कि वजन मशीनें काम न करने पर इसकी जिम्मेदारी सीधे आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायिका की होगी।
डीएम ने शिक्षा की गुणवत्ता सही न पाए जाने पर प्राइमरी स्कूल प्रथम के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार को निलंबित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्राइमरी स्कूल के खराब हैंडपंप का तत्काल रिबोर कराए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम प्रशिक्षण उपमा मिश्रा, बाल विकास परियोजन अधिकारी मनोज कुमार समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।