तांबेश्वर मंदिर में गेट पर लाइन में लगे भक्त
- फोटो : puja
हर हर महादेव, बोल बम और ओम नम: शिवाय के गगनभेदी जयकारों के बीच भक्तों का सैलाब शिवालयों में उमड़ पड़ा। जिले में देवाधिदेव महादेव का पर्व महाशिवरात्रि धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भृगुधाम भिटौरा से गंगाजल लाकर शिवजी का जलाभिषेक किया।
सोमवार को प्रसिद्ध सिद्धपीठ तांबेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए भोर पहर से कपाट खोल दिए गए। मुख्य गेट के सामने महिला और पुरुष भक्तों की अलग अलग लंबी लाइनें लग गई। पुलिस सुरक्षा के बीच भक्तों को मंदिर के अंदर प्रवेश दिया गया।
बाद में भक्त इतने बढ़े कि पुरुष के लिए तय लाइन में महिलाओं को लगना पड़ा। भक्तों ने भोलेनाथ को दूध, दही, पंचामृत, गंगाजल, शहद, देशी घी, शक्कर से स्नान कराकर ओम नम: शिवाय का जाप किया। मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी।
इसी प्रकार असोथर क्षेत्र के बुधरामऊ गांव के पास स्थित जागेश्वर धाम मंदिर पहुंचे भक्तों ने शिवलिंग में जलाभिषेक किया। चांदपुर स्थित गूढ़ेश्वर धाम, असोथर क्षेत्र के मोटे महादेव मंदिर, गाजीपुर क्षेत्र के चुरियानी गांव स्थित रूरेश्वर धाम, कीर्तिखेड़ा गांव स्थित थवईश्वर धाम और उत्तर वाहिनी गंगा के ओमघाट स्थित बलखंडी शिव मंदिर में भक्तों का जत्था पहुंचा।