जहानाबाद। विद्युत उपकेंद्र का बंबा फीडर ओवर लोड होने के कारण ट्रिपिंग की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। ट्रिपिंग के कारण नलकूप नहीं चल पा रहे, जिससे धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। इससे किसानों में नाराजगी है।
विद्युत उपकेंद्र से कस्बा कोड़ा जहानाबाद सहित ग्रामीण क्षेत्र के कापिल, नोनारा, बकेवर सहित आठ फीडर संचालित हैं। इनमें बंबा फीडर से नगर पंचायत कोड़ा जहानाबाद के दो नलकूपों के सात 115 किसानों के नलकूपों के कनेक्शन है। इसी फीडर से 2200 घरेलू कनेक्शनों के साथ तीन कारखाने संचालित हैं। इससे यह फीडर ओवरलोड है। कस्बा कोड़ा के मोहल्ला रज्योड़ा, केवटरा में स्थापित नलकूप नंबर तीन एवं मोहल्ला गढ़ी में लगा नलकूप चार की जलापूर्ति भी प्रभावित हो जाती है।
इन्ही दोनों नलकूपों से सीधे वाटर लाइन से गढ़ी, मियां टोला, रज्योड़ा, केवटरा, बेहनौटा, छोटी बजरिया, बांध ऊपर, लालूगंज, पोजेपुर, सुंदरपुर कच्छेउरा आदि मोहल्लों में जलापूर्ति की समस्या पैदा हो गई है। उपकेंद्र के अवर अभियंता विनोद कुमार तोमर का कहना है कि जितनी बिजली 132 केवीए उपकेंद्र से आ रही है। उतनी उपभोक्ताओं को मिल रही है। बारिश व आंधी के समय जो समस्या आती है, उसे दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है।