फ़तेहपुर। विकास की दशा तय करने वाली दिशा की बैठक में शनिवार को विधायकों ने अधिकारियों को बिजली, पानी, सड़क और आवास की समस्याएं गिनाईं।
अधिकारियों की कार्यशैली पर विधायकों ने नाराजगी भी जताई। केंद्रीय राज्यमंत्री और जिले की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति की अध्यक्षता में सुबह 11 बजे शुरू हुई बैठक शाम साढ़े पांच बजे तक चली।
समस्याओं को लेकर विधायक एक-दो बार अफसरों पर बिफरते भी नजर आए।
खागा विधायक कृष्णा पासवान ने खागा, खखरेरू और धाता नगर पंचायत के विकास के लिए डीपीआर तैयार कराने के लिए कहा। इसके अलावा बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा दिलाए जाने की बात भी कही।
सपा से हुसैनगंज क्षेत्र की विधायक ऊषा मौर्या ने कहा कि क्षेत्र में कई पानी की टंकियां बनी हुई है लेकिन कोई यांत्रिक खराबी के कारण तो कोई जर्जर होने के कारण बंद पड़ी है। पेयजल समस्या के निदान के लिए इन टंकियों की मरम्मत कराई जाए या नई टंकियां बनवाई जाएं।
इसके साथ ही क्षेत्र में बिजली कटौती चरम पर है। सड़कों की मरम्मत कराए जाने की भी आवश्यकता बताई।
बिंदकी विधायक जय कुमार सिंह जैकी ने दिशा की बैठक में अधूरे बिंदकी बाईपास का मुद्दा उठाया। जिस पर मौजूद अधिकारियों ने जल्द बाईपास निर्माण कराए जाने की बात कही।
अधिकारियों ने बताया कि जर्जर बांदा सागर हाईवे को ठीक कराने के लिए भी शासन को एस्टीमेट भेजा गया है।
जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल ने क्षेत्र में कस्तूरबा विद्यालय स्थापित किए जाने की मांग उठाई। साथ ही घाटमपुर रजबहा में पानी छोड़े जाने का मुद्दा उठाया।
अयाहशाह विधायक विकास गुप्त ने शाह और लदिगवां ग्राम पंचायत में जलभराव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा बिजली के ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं और सहकारी समिति बावन में अवैध कब्जा हो रखा है।
सदर विधायक चंद्रप्रकाश लोधी ने शहर की मुख्य समस्या जाम को उठाते हुए इससे निदान दिलाए जाने की बात कही।
कहा कि थरियांव हाईवे पर बनी सीएचसी में डॉक्टरों की जगह पुलिस वाले बैठ रहे हैं। बैठक में जिलाधिकारी श्रुति और सीडीओ सत्यप्रकाश सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
.-