फतेहपुर। जनपद में सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। पिछले एक माह से आलू और टमाटर के दाम स्थिर बने हुए हैं, जबकि प्याज के दाम डेढ़ गुना हो गए हैं। इससे लोगों की थाली से सलाद और हरी सब्जियां गायब हो गई हैं। अब एक महीने बाद ही सब्जियां सस्ती होने की उम्मीद है।
जनपद की फुटकर दुकानों में प्याज 80 रुपये, टमाटर 60 रुपये और आलू 30 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। एक माह से टमाटर और आलू के दाम स्थिर बने हुए हैं। हालांकि प्याज में 20 से 25 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। एक माह पहले सितंबर में प्याज 45 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रही थी। सब्जी दुकानदारों के मुताबिक इस साल नासिक और मध्य प्रदेश से आने वाली प्याज ही आढ़तियों को महंगी मिल रही है। आलू जनपद में खूब पैदा होता है। हालांकि इस साल आलू की कमी है। यही वजह है कि आलू भी महंगा बिक रहा है। मंडियों में थोक प्याज 6200 रुपये प्रति कुंतल, आलू 2500 रुपये प्रति कुंतल और टमाटर 1300 रुपये प्रति कैरट (25 किलो) बिक रहा है। वहीं लहसुन 300 रुपये से लेकर 400 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है।
सब्जी विक्रेता अनीस ने बताया कि सब्जियां एक माह बाद सस्ती होने की उम्मीद है। बाजार में नई प्याज आने लगी है। अगले 20 दिनों में बहुतायात प्याज आने लगेगी। इससे प्याज जल्द ही सस्ती हो सकती है। इसी तरह बाजार में नया आलू भी आने लगा है। अभी नया आलू पुराने आलू से भी महंगा बिक रहा है। हालांकि अलगे एक माह में आलू भरपूर आने लगेगा। इसके बाद आलू भी सस्ता हो जाएगा। धीरे-धीरे जनपद में पैदा होने वाली अन्य हरी सब्जियां भी बाजार में काफी मात्रा में आने लगेंगी। इससे हरी सब्जियां भी सस्ती होने की संभावना है।