फतेहपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी हो गईं हैं। जिले के नौ केंद्रों में पांच दिन दोनों पालियों में भर्ती परीक्षा होगी। सभी केंद्रों में शुक्रवार को करीब तीन हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पहली पाली सुबह 10 बजे से होगी। इससे बहुत से अभ्यर्थी रात में ही शहर आ जाएंगे।
किसी भी तरह की परीक्षा में अनियमितता रोकने के प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र में केंद्र व्यवस्थापक ,केंद्र का प्रधानाचार्य बनाया गया है, जबकि अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बाहरी नियुक्त है। इसी प्रकार परीक्षा प्रभारी संबंधित केंद्र का लगाया गया है, जबकि सह परीक्षा प्रभारी बाहरी नियुक्त किया गया है। इसके साथ प्रत्येक केंद्र में एक जिला स्तरीय अधिकारी स्टेटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए भारी तादाद में पीएसी और पुलिस बल लगाया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्रा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्रों में गड़बड़ी है, उन अभ्यर्थियों को परीक्षा के निर्धारित समय से ढाई घंटे पर पहले केंद्र पहुंचकर केवाईसी करानी होगी। इसके अलावा अन्य अभ्यर्थी परीक्षा शुरू होने के एक घंटे पहले केंद्र पहुंचेंगे।
यह हैं परीक्षा केंद्र:-
मेडिकल कॉलेज, राजकीय पालीटेक्निक, जीआईसी, जीजीआईसी, एएस इंटर कॉलेज, निरंकारी बालिका इंटर कॉलेज, मुस्लिम इंटर कॉलेज, डॉ. भीम राव आंबेडकर राजकीय महिला महाविद्यालय, महात्मा गांधी डिग्री कालेज।
रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड से परीक्षा केंद्र का रिक्शा किराया:-
मेडिकल कालेज और राजकीय पालीटेक्निक परीक्षा केंद्र से ई-रिक्शे का किराया 20 से 25 रुपये है, जबकि अन्य सभी परीक्षा केंद्रों का रिक्शा किराया 10 रुपये से अधिक नहीं है। रेलवे स्टेशन और रोडवेज से सभी परीक्षा केंद्रों के लिए पर्याप्त मात्रा में ई रिक्शे हर समय मौजूद रहते हैं।
इन दिनों में होगी परीक्षा:-
शुक्रवार परीक्षा का पहला दिन है। इसके बाद 24, 25 अगस्त को परीक्षा होगी। इसके बाद चार दिन अवकाश रहेगा। इसके बाद 30 और 31 अगस्त को परीक्षा होगी।