बिंदकी। ड्यूटी पर जा रहे मोपेड सवार पीआरडी कर्मी को गुरुवार सुबह टैंकर ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद टैंकर खंदक में जा घुसा और चालक भाग निकला। 20 दिन बाद ही कर्मी के बेटे की शादी भी होनी है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र के कमासी गांव निवासी सुरेश वर्मा (50) पीआरडी कर्मी थे। उनकी तैनाती मंडी समिति बिंदकी में थी। कोतवाली क्षेत्र के मुगल रोड पारादान मोड़ के पास खजुहा की ओर जा रहे टैंकर ने कर्मी की मोपेड में टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही सुरेश की मौत हो गई। कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के शव भेजा गया है।
फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों ने बताया कि सुरेश के बेटे की बरात 20 दिन बाद यानि चार दिसंबर को कन्नौज जानी है। हादसे से परिवार का हाल बेहाल हो गया। परिवार की सारी खुशियां मातम में बदल गईं। पीआरडी कर्मी चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। उनकी एक पुत्री सारिका, पुत्र हृदयेश व पत्नी मालती बेहाल दिखीं।