फतेहपुर। मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के दरवाजे की कुंडी खटखटाने के विवाद में प्रधान ने शादी वाले घर में भाई-बहन समेत तीन को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने प्रधान समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कौड़ेरवा निवासी सोनू सिंह ने बताया कि गुरुवार को वह घर से कुछ दूर रहने वाली भतीजी के विदाई कार्यक्रम में शामिल होने गया था। उसका भाई वीर सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ है। इसी बीच वह घर से बाहर निकला और प्रधान नरेंद्र यादव का दरवाजा खटखटा दिया। इससे नाराज होकर नरेंद्र यादव, उसका भाई सुमेर, भतीजा कल्लू, पिंटू दरवाजे पर आकर गालीगलौज करने लगे।
भतीजे रोशन सिंह ने गालीगलौज का विरोध किया तो भतीजे को लात-घूसों और डंडे से पीटने लगे। भतीजे को बचाने पिता मनबोधन व भतीजी नेहा पहुंची तो उन्हें भी पीटा। फिर पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देकर चले गए। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि प्रधान समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।