फतेहपुर। कोविड अस्पताल के कार्मिकों को मूल वेतन का 25 फीसदी प्रोत्साहन राशि देने के मुद्दे पर स्वास्थ्य कर्मियों ने मंगलवार जिला अस्पताल में प्रदर्शन किया। काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध करने वाले कार्मिकों ने शासनादेश की प्रतियां जलाकर अपनी नाराजगी जाहिर की। कहा गया कि जोखिम का काम करने वाले स्वास्थ्य कार्मिकों के बड़े तबके को अतिरिक्त लाभ की सुविधा से वंचित किया जा रहा, जबकि प्रोत्साहन राशि पर सारे स्वास्थ्य कर्मियों का हक बनता है।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर जिला अस्पताल में लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, एक्सरे टेक्नीशियन जैसे कई संगठन से जुड़े स्वास्थ्य कर्मी लामबंद होकर विरोध दर्ज कराते नजर आए। स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि सरकार अकेले कोविड अस्पताल के कर्मियों को मूल वेतन का 25 फीसदी प्रोत्साहन राशि देने जा रही है।
यह फैसला किसी भी दृष्टिकोण से सही नहीं है क्योंकि सारे स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमण के दौर में जोखिम उठाते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शन के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने शासनादेश की प्रतियां भी जलाईं। प्रदर्शन में अरुणेश सिंह, श्रीराम उमराव, रामप्रकाश सिंह, विवेक सिंह, राजेश कुमार आदि मौजूद रहे।