फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehpur News: पेड़ गिरने से 200 गांवों की बिजली 12 घंटे ठप, ग्रामीण परेशान

विज्ञापन
फोटो-17-टूटे पोल के साथ जमीन पर पड़े तार। संवाद
विज्ञापन
फतेहपुर। दरवेशाबाद ट्रांसमिशन से बहुआ और दतौली उपकेंद्र को मिलने वाली 33 केवी लाइन पर बारिश के दौरान पेड़ गिर गया। इससे लाइन ब्रेकडाउन हो गई और दोनों उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति करीब 12 घंटे ठप रही। बिजली गुल होने से दोनों उपकेंद्रों से जुड़े करीब 200 गांवों के लोग परेशान रहे।
विज्ञापन

बुधवार सुबह करीब छह बजे लाइन पर पेड़ गिरने से कई बिजली पोलों के तार टूट गए। इससे बहुआ और दतौली उपकेंद्र की आपूर्ति बंद हो गई। बिजली विभाग के कर्मचारी चक हैबतपुर गांव के जंगल में पहुंचे और लाइन पर गिरे पेड़ को काटकर हटाया।
इसके बाद टूटे तारों को जोड़ने का काम शुरू किया गया। कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार शाम करीब छह बजे दोनों उपकेंद्रों की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। आपूर्ति शुरू होने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन




कलेक्टरगंज और वर्मा चौराहा क्षेत्र में 11 घंटे गुल रही बिजली
शहर के कलेक्टरगंज और वर्मा चौराहा क्षेत्र में बुधवार को करीब 11 घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह सात बजे गुल हुई बिजली शाम करीब छह बजे बहाल हो सकी। लंबे समय तक बिजली न आने से क्षेत्रीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पेयजल के साथ घरों और दुकानों के रोजमर्रा के काम प्रभावित रहे।
बारिश के दौरान बिजली लाइन में खराबी आने के बाद विद्युत विभाग ने मरम्मत के साथ पुरानी लाइन बदलने का काम शुरू किया। खराबी दूर करने और लाइन बदलने के कारण आपूर्ति लंबे समय तक बंद रही। सुबह से बिजली न होने का असर दुकानदारों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों के कामकाज पर भी पड़ा।
लोगों ने बताया कि कई घंटे बिजली गुल रहने से जरूरी कार्य प्रभावित हुए। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने खराबी दूर करने के साथ पुरानी लाइन हटाकर नई केबल डालने का काम पूरा किया। इसके बाद शाम करीब छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।
अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि लाइन में आई खराबी को ठीक कर दिया गया है। पुरानी लाइनें बदलकर नया केबल डाला गया है। अब क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य है।



पीपल का पेड़ गिरने से 33 हजार लाइन क्षतिग्रस्त, 150 गांवों की बत्ती गुल
असोथर। बारिश के बीच बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अंदमऊ गांव के पास पीपल का पेड़ गिरने से 33 हजार की विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पेड़ की चपेट में आने से 10 पोल के तार और दो पोल टूट गए। कई स्थानों पर इंसुलेटर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र के करीब 150 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
एचटी लाइन क्षतिग्रस्त होने से बड़ी आबादी के सामने पेयजल संकट खड़ा हो गया है। बिजली से संचालित समूह पेयजल योजना प्रभावित होने के कारण लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर 12 बजे से बिजली बंद होने के कारण मोबाइल चार्ज करने से लेकर पानी भरने तक की समस्या हो रही है।
अवर अभियंता कमल किशोर ने बताया कि अंदमऊ के पास पीपल का पेड़ गिरने से 33 हजार लाइन के तार और दो पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। विद्युत टीम मौके पर पहुंचकर टूटे पोल और लाइन की मरम्मत में जुटी है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।

इमली का पेड़ गिरने से लाइन क्षतिग्रस्त, 100 गांवों की बत्ती गुल
फतेहपुर। विजयीपुर क्षेत्र में शिवपुर गेट से सिलमी शिवपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर इमली का पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से विद्युत लाइन भी टूट गई। इससे सिलमी गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सिलमी और शिवपुर जाने वाले ग्रामीणों को करीब तीन किलोमीटर घूमकर दूसरे रास्ते से जाना पड़ रहा है।
वन विभाग के दरोगा अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि गिरा पेड़ वन विभाग के अधीन नहीं है। यह निजी पेड़ है इसलिए संबंधित पेड़ मालिक ही उसे हटवाएगा। वहीं गाजीपुर में बारिश के कारण कस्बे के उपकेंद्र में पानी भर जाने से आपूर्ति बंद कर दी गई। इससे क्षेत्र के 100 गांवों में 12 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है।

फोटो-17-टूटे पोल के साथ जमीन पर पड़े तार। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें