फतेहपुर। गर्मी के साथ बढ़ती बिजली कटौती शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। मंगलवार सुबह 10 बजे गुल हुई बिजली शहर के अलग-अलग हिस्सों में देर रात तक नहीं आई। सबसे ज्यादा असर पटेल नगर समेत आसपास के क्षेत्र में दिखा। सरकारी कार्यालयों में कामकाज के लिए कर्मियों को मोबाइल की लाइट का सहारा लेना पड़ा। वहीं, लोगों के घरों में लगे इनवर्टर जवाब दे गए। गर्मी से निजात पाने के लिए लोग तरह-तरह के जतन करते दिखे।
बिजली विभाग ने आबू नगर उपकेंद्र में पांच एमवीए की जगह 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर मंगलवार को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कटौती की सूचना जारी की थी। विभाग ने तय समय से लाइट काट दी। इससे पटेल नगर चौराहा, कलक्ट्रेट, आबू नगर, रानी कालोनी, आदर्श नगर, आवास विकास, सिविल लाइंस, तांबेश्वर नगर, शादीपुर, अस्ती, जीटी रोड नउवाबाग समेत दर्जन भर से अधिक इलाकों में बिजली काट दी गई। दोपहर होते-होते घरों में लगे इनवर्टर बंद हो गए। विकास भवन में कर्मियों को मोबाइल की लाइट जलाकर काम करना पड़ा। वहीं घरेलू आटा, बेसन, हल्दी समेत अन्य सामानों की पिसाई का काम पूरी तरह बंद रहा। वहीं, शाम तक बिजली नहीं आने पर पानी की समस्या खड़ी हो गई। देर रात तक पटेल नगर समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई।
मार्च से लिया जा रहा शटडाउन
बिजली विभाग तार और ट्रांसफार्मर के साथ मरम्मत के नाम पर मार्च महीने से कई-कई घंटों का शटडाउन ले रहा है। दो मार्च को शादीपुर चौराहे के पास ट्रांसफार्मर का फ्यूज खोलने के नाम पर सात घंटे की कटौती की गई। इसी तरह तीन से 15 मार्च के बीत शादीपुर चौराहे से स्टेशन रोड समेत आसपास के इलाके में तार बदलने के नाम पर पांच से छह घंटे का शटडाउन सरकारी दस्तावेज में दर्ज है। इसके अलावा हर रविवार मरम्मत के नाम पर कटौती की गई। इसके बाद भी आबू नगर उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं हो सकी है।
फोटो-24-अशोक वर्मा
सिविल लाइंस निवासी अशोक वर्मा ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है। दो दिन से लगातार आठ-आठ घंटे बिजली कटौती की जा रही है। मंगलवार को रात तक बिजली नहीं आई। लोग पानी को तरस गए हैं।
फोटो-25-अनिल सिंह परिहार
आदर्श नगर निवासी अनिल सिंह का कहना है कि बिल जमा नहीं होने पर तत्काल कनेक्शन काटने की कार्रवाई हो जाती है, लेकिन सप्लाई देने के नाम पर हवा निकल रही है। गर्मी की शुरुआत में भीषण कटौती से हाल बेहाल है। मई-जून की गर्मी में हालात बहुत बुरे होंगे।
कोट्स
आबू नगर उपकेंद्र का ट्रांसफार्मर साढ़े दस बजे तक ठीक हो जाएगा। इस प्रकार की तकनीकी समस्याएं तो आती ही रहती हैं।
- पंकज कुमार, अवर अभियंता, बिजली विभाग