पत्रकार वार्ता करते कांग्रेस के महासचिव पूर्व सांसद राकेश सचान
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पूर्व सांसद राकेश सचान ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून के नाम पर भाजपा ने धार्मिक उन्माद भड़काने का काम किया है। भाजपा पुरखों के जन्म का हमसे प्रमाण मांग रही है। सरकार की नाकामी छिपाने के लिए इसे हथियार बनाया गया है। समाज का हर वर्ग परेशान है। खासकर किसान की हालत दयनीय है। मौजूदा सरकार के खिलाफ कांग्रेस सड़क तक जाएगी।
खलील नगर स्थित कैंप कार्यालय में गुरुवार को प्रदेश महासचिव राकेश सचान मीडिया से रूबरू हुए। उनके साथ चित्रकूट सांसद बाल कुमार पटेल भी थेे। अवध जोन के प्रभारी बनाए गए राकेश सचान ने नागरिकता संशोधन कानून के मामले में भाजपा पर तीखे प्रहार किए। पूर्व सांसद ने कहा कि गन्ना किसानों के लिए अभी तक कांटा नहीं लग सके हैं जबकि जिले में बिंदकी और खागा तहसील में बड़ी तादाद में गन्ना उत्पादन होता है। देश में आर्थिक मंदी छाई है, जिससे कोई सेक्टर बच नहीं सका है। धार्मिक उन्माद फैलाने के इस प्रयास को कांग्रेस कभी सफल नहीं होने देगी। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन अजय अवस्थी, कांग्रेस अध्यक्ष मोहसिन खान, राज कुमार मौर्या भी मौजूद रहे।
पूर्व सांसद राकेश सचान ने दावा किया कि जनवरी में अवध जोन के जिला और ब्लाक की कमेटियों का गठन हो जाएगा। कांग्रेस में अब वही रहेगा, जो काम करेगा। जिम्मेदारी पूरी न करने वालों पर पार्टी विचार करेगी। संगठन का स्वरूप भी छोटा किया गया है। पीसीसी कमेटी अब 42 सदस्यीय हो गई है जबकि पहले इसमें 510 सदस्य रहते थे।
लोक मंगल साहित्य परिषद के अध्यक्ष सुधाकर अवस्थी ने नागरिकता संशोधन कानून को मानवता के विरुद्ध असंवैधानिक करार दिया। उन्होंने कहा देश को विश्व गुरु बनाना है तो किसी भी देश के उत्पीड़ित शख्स को भारत की नागरिकता देने का विधान केंद्र सरकार को बनाना चाहिए। सीएए का स्वरूप निहायत संकीर्ण व मानव धर्म के खिलाफ है।