फतेहपुर। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सड़क जाम कर यातायात बाधित करने वाले 41 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
हुसैनगंज थाना क्षेत्र में फतेहपुर-डलमऊ मार्ग स्थित सातमील तिराहा नहर पुलिया के पास अरुण पासवान की मौत के बाद 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की गई थी। इससे स्कूल बसों, रोडवेज बसों और आम लोगों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हुई थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना के दौरान नामजद नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कल्यानपुर थाना क्षेत्र में 16 अप्रैल को ग्राम महरहा में मुरादीपुर-बिंदकी रोड पर सड़क हादसे में नौ वर्षीय प्रियंका उर्फ परी की मौत के बाद पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की गई थी। इसमें 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र में मुगल रोड मेन हाईवे स्थित मोहल्ला पोजेपुर के पास छोटे की मौत के बाद सड़क जाम कर कई घंटे यातायात बाधित किया गया था। इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
जाफरगंज थाना क्षेत्र में फतेहपुर-जोनिहा-जहानाबाद मार्ग पर गहरूखेड़ा चौराहा के पास रामऔतार की मौत के बाद 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की गई थी। इसमें सात लोगों को गिरफ्तार किए गए हैं।
हथगाम थाना क्षेत्र में आठ मई को हुसैनगंज-हथगांव मार्ग स्थित गोसाई की सराय मजरा गौसपुर में श्लोक उर्फ विहान की मौत के बाद 15 लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की गई थी। पुलिस ने 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें। सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध कर शांति व कानून व्यवस्था प्रभावित न करें।