फतेहपुर। अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी के निर्देशन में पुलिस ने 11 आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। इन पर चोरी, लूट, मारपीट, गोकशी और नकबजनी जैसे संगीन अपराधों के जिले समेत अन्य जनपदों में 91 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद पुलिस इनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी।
गाजीपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी रमेश यादव पर मारपीट के सात, सिमौर निवासी दिलशाद चिकवा पर गोकशी और चोरी के सात मुकदमे हैं। बिंदकी के चक माधवपुर निवासी दिलीप कुमार पर चोरी के नौ और कंचनपुर निवासी गोलू गिहार पर लूट के 10 मुकदमे दर्ज हैं। कुल्लनपुर निवासी प्रहलाद उर्फ धुल्लू पर चोरी के पांच मुकदमे हैं।
जहानाबाद के नोनारा निवासी प्रदीप कुमार पर चोरी के पांच, खागा के जगतापाल निवासी महेश कुमार रैदास पर लूट और चोरी के 15 तथा रामनगर निवासी कामता प्रसाद मौर्य पर चोरी के चार मुकदमे हैं। हथगाम के वार्ड-10 कस्बा निवासी सूरज मिश्रा पर मारपीट के 11 मुकदमे दर्ज हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मद यासीन पर चोरी के तीन, हुसैनगंज के जमरावां निवासी साहिल कुरैशी पर चोरी के 15 मुकदमे दर्ज हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपियों की निगरानी और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हिस्ट्रीशीट खोली गई है।