फतेहपुर। जल्द ही जिला अस्पताल से ऑक्सीजन संकट खत्म होने का समय आ गया है। केंद्र सरकार के सहयोग से अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने की तैयारी पूरी हो गई है। प्लांट का सामान सोमवार की रात ट्रक से जिला अस्पताल पहुंचा दिया गया है। प्लांट से ऑक्सीजन का उत्पादन होगा, जो पाइप लाइन से वार्ड और ओपीडी में रोगी के बेड तक पहुंचाई जाएगी।
कोरोना काल में जिला अस्पताल में ऑक्सीजन संकट को देखते हुए केंद्र सरकार ने ऑक्सीजन प्लांट लगाने को मंजूरी दे दी है। प्लांट नोएडा की कार्यदायी संस्था एक्सटीए लगाएगी। अस्पताल की ओपीडी और वार्डों के मध्य खाली जमीन पर लगाया जाना है। एक पखवारे में प्लांट चालू करने की योजना है। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रभाकर का कहना है कि प्लांट केंद्र और राज्य सरकार की साझा योजना होने की उन्हें जानकारी दी गई है। प्लांट की लागत और क्षमता की उन्हें किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी गई है। उनके आवास के सामने ट्रक में लदा सामान खड़ा है। एक दो दिन में इंजीनियर आकर प्लांट लगाने का काम प्रारंभ कर देंगे।
.