अमौली (फतेहपुर)। कस्बे की एक और सराफा दुकान में चोरी की योजना बनाते पांच बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। आरोपियों के पास से चाबियों के गुच्छे, असलहे व बम बरामद हुए हैं।
इनमें दो आरोपी कानपुर के रहने वाले हैं। इनके खिलाफ उन्नाव, कानपुर नगर, देहात व जिले में लूट, चोरी व डकैती के मुकदमे दर्ज हैं।
कस्बा स्थित नरेश ओमर के ज्वैलरी और चंदा साड़ी शोरूम में 8 जनवरी की रात चोरी की बड़ी वारदात हुई थी। इन चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीम खजुहा मार्ग पर शुक्रवार रात थी।
इस दौरान रवि गुप्ता निवासी अमौली के गन्ना कोल्हू के पास खंडहर में कुछ बदमाशों के छिपे होने का पता लगा।
इस पर पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी की, तो एक बदमाश भागने में सफल हो गया। बाकी पांच बदमाशों को पकड़ा लिया गया।
पकड़े गए बदमाशों में गुलाम निवासी मियां टोला, मोबीन उर्फ मुवीम निवासी मियां टोला व सुलेमान कलंदर निवासी केवटरा कोड़ा जहानाबाद हैं। इनके पास से चाबियों का गुच्छा, तमंचा, हथौड़ा, छेनी, तीन बम बरामद हुए हैं।
इसके अलावा कानपुर नगर के साड़ थाना का टॉपटेन बदमाश नसीम उर्फ कोहरू निवासी भदेउना व सजेती कानपुर नगर के निबियाखेड़ा निवासी अरबाज को पकड़ लिया। इनके पास से पुलिस ने चाबियों का गुच्छा, लोहेे की रॉड, तीन देशी बम बरामद हुए हैं।
थानाध्यक्ष डीडी सिंह ने बताया कि गैंग उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात में वारदात करता हैं। गैंग लीडर नसीम उर्फ कोहरू है। अरबाज गैंग का नया सदस्य है।
मोबीन पहले लूट, चोरी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। उसका भाई पिंकू जाफरगंज डकैती के मामले में जेल में बंद है। गुलाम और सुलेमान भी पुराना शातिर बदमाश हैं।
उन्होंने बताया कि मोबीन उर्फ अनवर निवासी मियां टोला जहानाबाद भाग गया है। वह जाफरगंज डकैती में भी वांछित है।