संवाद न्यूज एजेंसी
बिंदकी। कस्बे के भीतर इन दिनों प्रतिदिन लगने वाला जाम लोगों के लिए नासूर बना गया है। मार्गों के किनारे फैला अतिक्रमण और भारी वाहनों का कस्बे के भीतर से आवागमन जाम की प्रमुख वजह है। दो घंटे की मशक्कत के बाद पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी जाम खुलवा सके। बुधवार को कस्बे के अंबेडकर चौराहे में कुंवरपुर रोड, ललौली रोड, तहसील रोड और मुगल रोड में दो घंटे से अधिक समय तक भीषण जाम लगा रहा। कस्बे के भीतर चौतरफा लगे जाम के कारण घंटों राहगीर फंसे रहे। इसके अलावा जाम में मरीज को लेने जा रही एंबुलेंस और रोडवेज बसें भी फंसी रही।
अधूरे बिंदकी बाईपास के कारण बड़ी संख्या में कस्बे के भीतर से भारी वाहनों का आवागमन होता है। जिससे चौराहों पर दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। बुधवार को दो घंटे की मशक्कत के बाद पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों और ट्रैफिक पुलिस के लोगों ने जाम खुलवाया। इस दौरान 12:00 बजे से लेकर 2:00 बजे के बाद तक जाम की स्थिति बनी रही।
एसडीएम अनिल कुमार यादव ने बताया कि अतिक्रमण अभियान चलाने के लिए पालिका टीम को निर्देशित किया है। सीओ सुशील दुबे ने बताया कि पिकेट ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक और पुलिस कर्मियों की तैनाती होती है। जाम लगने की स्थिति में तुरंत जाम खुलवाया जाता है।