फतेहपुर। मौसम में गर्माहट बढ़ने के साथ घोषित और अघोषित बिजली कटौती लगातार बढ़ती जा रही है। स्थिति यह है कि मरम्मत के लिए घोषित के अलावा रोजाना कई घंटों तक की अघोषित बिजली कटौती भी झेलनी पड़ रही है। इस बिजली कटौती से न सिर्फ घरेलू दिनचर्या प्रभावित हो रही है, बल्कि बाजार और उद्योगों पर भी बड़ा असर पड़ रहा है।
गर्मी तेज होने के साथ बिजली की डिमांड और सप्लाई दोनों ही बढ़ गई है। जिले में अभी करीब 460 मेगावॉट प्रतिदिन बिजली खपत पहुंच चुकी है। बिजली विभाग के मुताबिक ये डिमांड इस महीने के अंत से और बढ़ेगी। भीषण गर्मी के दौरान रोजाना 470 से पांच सौ मेगावॉट बिजली तक डिमांड-सप्लाई पहुंच जाती है।
मरम्मत के बाद फॉल्ट की कटौती कर रही बेहाल
इस माह 1 से 15 अप्रैल तक शहर के उपकेंद्रों में मेंटीनेंस के नाम पर 3 से 5 घंटे का शटडाउन लिया गया। यानी कि रोजाना औसतन 4-5 फीडर के 15 से 20 हजार लोगों को कटौती से बेहाल होना पड़ा। इस मेंटीनेंस में सप्लाई लाइन, ट्रांसफार्मर समेत दूसरे उपकरणों की मरम्मत की गई। वहीं विभाग की ओर से मरम्मत का कार्य आगे अधिक बढ़ेगा। इसके लिए गर्मी में बेहतर सुविधा देने का हवाला दिया जा रहा है। शुक्रवार को आबूनगर, मुराइनटोला, हरिहरगंज में काम के कारण तीन से चार घंटे का शटडाउन लिया गया।
सप्ताह में बार-बार मरम्मत
1 से 15 अप्रैल तक के बीच करीब पांच फीडरों को करीब 5 घंटे मेंटीनेंस के लिए बंद रखा। इनमें कई फीडर ऐसे हैं, जिनमें सप्ताह में 2 से 3 बार बिजली बंद की गई। इनमें आबूनगर, शांतिनगर, हरिहरगंज समेत अन्य फीडर शामिल हैं। मरम्मत के शेड्यूल के बाद गुल होने वाली बिजली से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। यह कटौती लंबे समय तक रहती है। इस दौरान 15 से 20 शिकायतें हर फीडर में आ रही है। इनमें कई शिकायतें ऐसी भी हैं, जो एक ही क्षेत्र से बार-बार दर्ज होती हैं।
शहर के अंदर काम होने के कारण शटडाउन लिया जा रहा है। जब तक काम चलेगा तब तक शटडाउन दिया जाएगा।
रत्नेश जयसवाल, एक्सईएन खंड एक
-
गर्मी के तीखे तेवर आएंगे, बढ़ेगा बिजली संकट
- गर्म हवा से पारा 38 डिग्री, 2 दिन में 40 डिग्री के होगा पार
फतेहपुर। पांच दिन पहले हुई बारिश के बाद फिर से पारा रफ्तार पकड़ने लगा है। चार दिन से रोज दिन का पारा बढ़त के साथ दर्ज हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। आने वाले दिनों में रात का पारा और बढ़ेगा। पिछले दिन की तुलना में अधिकतम तापमान बढ़त के साथ शुक्रवार को 38.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री सेल्सियस बढ़त के साथ 25.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. वसीम खान ने बताया कि 19 व 20 अप्रैल को बारिश के आसार हैं। 20 के बाद गर्मी के साथ उमस बढ़ेगी। पारा 40 पार जाने की संभावना है।