थरियांव क्रय केंद्र में लगा किसानों का धान
- फोटो : अमर उजाला
समर्थन मूल्य पर धान खरीद किसानों के लिए छलावा साबित हो रही है। एक महीना बीतने के बाद मात्र 56256 क्विंटल 70 किलो खरीद हुई है। पीसीएफ संस्था के एक भी खरीद केंद्र में बोहनी नहीं हुई है। वहीं थरियांव खरीद केंद्र मेें बिचौलियों के हावी होने का आरोप किसान लगा रहे हैं। किसानों का कहना है कि केंद्र प्रभारी किसानों का धान नहीं खरीद रहे हैं।
पीसीएफ ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदने का ठेका तो ले लिया है पर अभी खरीद की शुुरुआत नहीं हुई है। पीसीएफ के केंद्रों की किसानों को जानकारी भी नहीं है। मजबूरी में किसान व्यापारियों से औने-पौने दाम पर धान का सौदा कर रहे हैं। मंडासराय के किसान अजय सिंह ने थरियांव में खोले गए मार्केटिंक के खरीद केंद्र में बिचौलियों के हावी होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि क्रय केंद्रों में किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है।
राइस मिलों में 1050 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद हो रही है। किसानों की मजबूरी का फायदा बिचौलिया उठा रहे हैं। केंद्र प्रभारी की सांठगांठ से बिचौलिया किसानों से 1150 से 1200 रुपये प्रति क्विंटल में धान का सौदा करते हैं और उनके दस्तावेज (खतौनी, बैंक खाता) में धान की खरीदारी दिखाते हैं। तय रेट का रुपया किसानों को देकर समर्थन मूल्य 1470 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ ले रहे हैं। उनका आरोप है कि बिचौलिया व केंद्र प्रभारी एक क्विंटल में ढाई सौ रुपये का खेल रहे हैं। उधर डिप्टी आरएमओ का कहना है कि सभी खरीद केेंद्रों का निरीक्षण किया जाता है। अभी तक ऐसी कोई सूचना नहीं है। अगर किसी भी खरीद केंद्र में बिचौलियों को पाया गया तो केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।