फतेहपुर। नगर पालिका परिषद ने गृहकर और जलकर के बकायेदारों को राहत देने के लिए एकमुश्त समाधान (ओटीएस) योजना शुरू की है। यह योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक लागू रहेगी। इसके तहत भवन स्वामी बकाया गृहकर और जलकर की राशि एकमुश्त जमा कर ब्याज में छूट का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक भवन स्वामी किसी भी कार्यदिवस में कार्यालय पहुंचकर ओटीएस फॉर्म भरें और एकमुश्त भुगतान कर योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से निर्धारित अवधि में योजना का लाभ लेने की अपील की।