फोटो-19-नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इसाईपुरवा में मरीज की जांच करते चिकित्सक। संवाद
जयरामनगर। मौसम में बदलाव के बाद सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वहीं ईसाई पुरवा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर कफ सिरप उपलब्ध न होने से मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में मरीजों को मेडिकल स्टोर से दवा खरीदनी पड़ रही है। इससे उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ईसाई पुरवा में प्रतिदिन 50 से अधिक मरीज पहुंच रहे हैं जिनमें 20 से अधिक मरीज खांसी और जुकाम के होते हैं। जांच के बाद चिकित्सक कफ सिरप लेने की सलाह दे रहे हैं। मरीजों का कहना है कि पिछले पांच महीने से पीएचसी में कफ सिरप उपलब्ध नहीं है। दवा न होने पर मरीजों को यह कहकर लौटा दिया जाता है कि जिला अस्पताल से दवा मिल जाएगी जिससे उन्हें भटकना पड़ रहा है।
पीएचसी के चिकित्सा प्रभारी डॉ. विपिन ने बताया कि इन दिनों खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या अधिक है और उपचार में कई दिन लग रहे हैं। मरीजों को ठीक होने में लगभग एक सप्ताह से 10 दिन का समय लग रहा है। ऐसे में मरीजों को ठंडी और चटपटी चीजों से परहेज करने और पूरे बाजू के कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है। कफ सिरप के लिए पत्र लिखा गया है।
कम प्रेशर से आ रहा वाटर कूलर से पानी
कोराई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों की सुविधा के लिए लगाए गए वाटर कूलर से रविवार को बहुत कम प्रेशर में पानी निकल रहा था। वहीं एक टोटी भी खराब पड़ी रही। इससे मरीजों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ा।
फोटो-19-नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र इसाईपुरवा में मरीज की जांच करते चिकित्सक। संवाद