फतेहपुर। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल बेहाल है। रात में किस्तों में होने वाली कटौती के साथ दिन में बिजली आपूर्ति के बावजूद उमस भरी गर्मी से मरीज परेशान हैं। ऐसे में भर्ती मरीज बेड के बजाय बाहर गैलरी में बैठकर समय बिताने को मजबूर हैं।
जिला अस्पताल में शनिवार रात भर्ती मरीज भरपूर नींद नहीं ले पाए। शाम नौ बजे से किस्तों में शुरू कटौती से मरीजों ने पूरी रात करवटें बदलीं। तीमारदारों को मरीजों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए पूरी रात हाथ पंखा चलाना पड़ा। कुछ मरीजों ने तो गैलरी में लेटकर रात काटी।
रविवार को सुबह आठ बजे तक तो मौसम ठीक रहा, लेकिन इसके बाद धूप बढ़ने के साथ अस्पताल की दूसरी और तीसरी मंजिल के वार्डों में उमस बढ़ गई। 11 बजे के बाद से इन वार्डों में भर्ती मरीजों का हाल बेहाल हो गया।
जिला अस्पताल में पीने के पानी का बड़ा संकट है। दोनों आरओ प्लांट बंद पड़े हैं। ऐसे में पानी के लिए तीमारदारों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। तीसरी मंजिल पर लगा फ्रीजर खौलता पानी उगल रहा है। पहली मंजिल में लगे फ्रीजर से ठंडा पानी, तो निकल रहा है, लेकिन आरओ नहीं लगा है। ऐसे में अधिकांश तीमारदार खरीद कर पानी पीते हैं।
फतेहपुर। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में रविवार को दो लू लगने के मरीज आए। इसमें एक बच्चा शामिल है। इनमें बच्चे को कानपुर रेफर किया गया, जबकि महिला का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
शहर के महर्षि चौराहा निवासी जलालुद्दीन की पत्नी बकरीदन (50) को लू के लक्षण होने के कारण भर्ती कराया गया है। इसका ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। इसी प्रकार मौहार के मजरे कनैरी निवासी गुलाब का बेटा रचित (5) को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर किया गया है।
अयाह निवासी शिवप्रसाद की जिला अस्पताल के तीसरी मंजिल के वार्ड में मां भर्ती हैं। बताया कि अस्पताल में रात की नींद और दिन का चैन दोनों गायब हैं। रात में घंटों बिजली कटौती के कारण मरीजों को गर्मी से बचाने के लिए हाथ का पंखा चलाना पड़ता है, या फिर मरीज को बेड से उठाकर बाहर गैलरी में बैठाना पड़ता है।
लालीपुर हुसैनगंज निवासी अलोपीचंद्र त्रिपाठी के पिता तीसरी मंजिल के वार्ड में भर्ती हैं। पेशे से शिक्षक अलोपी चंद्र बताते हैं कि इन दिनों केवल वही मरीज बेड में रहते हैं, जो बैठने की स्थिति में नहीं हैं। अन्य सभी मरीज बाहर गैलरी में बैठते हैं।
जिला अस्पताल के बड़े जनरेटर की रात तक मरम्मत हो जाएगी। जनरेटर चालू होने से बिजली कटौती की समस्या से निजात मिल जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी से निजात के लिए सभी वार्डों में कूलरों की व्यवस्था की है। कूलर बराबर चलेंगे, तो वार्डों के तापमान में अंतर आएगा। -डॉ. पीके सिंह, सीएमएस
.....................