हथगाम। सीएचसी में बुजुर्ग की मौत के बाद गुरुवार को परिजनों ने हंगामा काटा। परिजनों ने डाॅक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पुलिस ने समझाकर परिजनों को शांत किया। परिजन अंतिम संस्कार को शव ले गए।
कस्बा वार्ड नंबर 12 मोहल्ला कजियाना निवासी मीर मोहम्मद (60) की अचानक हालत बिगड़ी थी। परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजन इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा काटने लगे।
हंगामा देखकर डॉक्टर अमित कुमार चौरसिया ने पुलिस को सूचना दी। डाॅ. चौरसिया ने बताया कि मीर मोहम्मद को परिजनों ने गंभीर हालत में बुधवार को भर्ती कराया था। परीक्षण के बाद इलाज शुरू किया गया। दोपहर में उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। ऑक्सीजन देकर उनका उपचार किया गया।
हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिवार के लोग जिला अस्पताल नहीं ले गए। इसी वजह से सीएचसी में दम तोड़ दिया। थानाध्यक्ष अभिलाष तिवारी ने बताया कि परिजनों को समझाकर शांत कराया गया। इसके बाद परिजन शव घर लेकर चले गए।