फतेहपुर। रेलवे के कोच में इस्तेमाल होने वाले पार्ट्स बनाने वाली बीबी कोच फैक्टरी तक पहुंचने वाला जर्जर मार्ग अब चौड़ा किया जाएगा। बिंदकी तहसील के कंसपुर गुंगौली स्थित फैक्टरी मार्ग के 550 मीटर हिस्से के चौड़ीकरण के लिए शासन ने 1.40 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
निर्माण के लिए 52 लाख रुपये जारी भी हो चुके हैं। इससे लंबे समय से बदहाल सड़क से जूझ रहे ग्रामीणों और फैक्टरी में आने-जाने वाले वाहनों को राहत मिलने की उम्मीद है।
बीबी कोच फैक्टरी में तैयार पार्ट्स दूसरे जिलों और राज्यों में भेजे जाते हैं, लेकिन फैक्टरी तक पहुंचने वाला मार्ग खुद बदहाली का शिकार है। जगह-जगह गड्ढों के कारण भारी वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। ग्रामीणों को भी रोजमर्रा के काम, बाजार, कचहरी और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बिंदकी व फतेहपुर आने-जाने में दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। यह मार्ग
कानपुर-प्रयागराज मार्ग तक पहुंचने का भी जरिया है। लोक निर्माण विभाग ने वर्ष 2020 में सड़क का निर्माण कराया था और वर्ष 2022 में पैचवर्क के बावजूद गड्ढों की समस्या बनी रही। अब चौड़ीकरण के लिए बजट स्वीकृत होने से निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है।
लोक निर्माण विभाग खंड-दो के अधिशासी अभियंता दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि मार्ग के लिए 1.40 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 52 लाख रुपये जारी हो चुके हैं। निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाएगा।