फतेहपुर। महाशिवरात्रि के दिन रविवार को दोपहर दो बजे रेलवे स्टेशन पहुंची हावड़ा एक्सप्रेस में यात्रियों के बीच मारपीट हो गई। हालांकि मारपीट से जीआरपी और आरपीएफ ने इन्कार किया है।
कानपुर की तरफ जाने वाली हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन दोपहर दो बजे रेलवे स्टेशन पहुंची। इधर स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़े यात्रियों ने बोगी का गेट खुलवाने का प्रयास किया। अंदर मौजूद यात्रियों ने गेट न खोलते हुए अभद्रता कर दी। इससे बाहर मौजूद यात्री आक्रोशित हो गए।
किसी तरह बोगी का गेट खुला तो यात्रियों में मारपीट हो गई। प्लेटफार्म नंबर एक पर हंगामे की स्थिति बन गई। मारपीट के दौरान एक यात्री का हेलमेट तोड़ दिया गया।
ट्रेन स्टापेज के बाद रवाना हुई तो सभी यात्री ट्रेन में ही सवार हो गए। ट्रेन के निकल जाने के बाद आरपीएफ के कुछ सिपाही मौके पर पहुंचे। जीरआरपी थाना प्रभारी राजकुमार और आरपीएफ कमांडेंट रजिंदर कुमार ने मारपीट की बात से इन्कार किया है।