फतेहपुर। सदर अस्पताल से बुधवार को आक्सीजन प्लांट गई एक गाड़ी वहां से 24 सिलिंडर लेकर निकली लेकिन जब वह वापस आई तो केवल 23 सिलिंडर ही अस्पताल में रखे गए। एक गैस सिलिंडर गायब होने की खबर पर औषधि निरीक्षक द्वारा प्रकरण की जांच की गई तो मामला सही निकला। कोतवाली में गाड़ी चालक, एक वार्ड ब्वॉय और कुछ अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
बुधवार शाम को सोशल मीडिया पर इस घटना से संबंधित एक पोस्ट वायरल हुई थी। जिसका संज्ञान लेते हुए एसडीएम सदर प्रमोद झा और अपर उप जिलाधिकारी द्वितीय आशीष कुमार और औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण अस्ताल पहुंचे और प्रकरण की जांच की। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक की ऑक्सीजन पंजिका जिसका रख-रखाव मनोज कुमार द्वारा किया जा रहा है। उसमें ऑक्सीजन के संबंध में दर्ज विवरण में पाया गया कि 23 सिलिंडर ही अस्पताल लाए गए, जबकि प्लांट से 24 सिलिंडर लेकर गाड़ी निकली थी।
जांच के बाद औषधि निरीक्षक विनय कृष्ण ने गुरूवार को कोतवाली में गाड़ी चालक अजय, वार्ड ब्वाय सुरेंद्र तिवारी व कुछ अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि एक आक्सीजन सिलेंडर को कालाबाजारी के तहत गायब किया गया है। इंस्पेक्टर कोतवाली सत्येंद्र सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।