फतेहपुर। जिले में संचालित रही मौरंग खदानों से खनन विभाग को राजस्व वसूली में झटका लगा है। कई खदान संचालकों पर मौरंग खंड की बकाया किस्त और जुर्माने की रकम बाकी है। विभाग ने बकायेदारों को नोटिस जारी कर रकम जमा करने के निर्देश दिए हैं। भुगतान न होने पर राजस्व विभाग से आरसी जारी कराने की कार्रवाई की जाएगी।
खागा तहसील के संगोलीपुर मौरंग खंड पर दो बार करीब एक करोड़ का जुर्माना लगाया गया था। इसके बावजूद खदान संचालित होती रही। वर्तमान में यहां 85 लाख की मासिक किस्त और करीब 25 लाख रुपये जुर्माने की रकम बकाया है। इस तरह करीब 1.15 करोड़ की धनराशि बाकी है। वहीं रानीपुर आर-3 के संचालक खदान का संचालन नहीं कर सके और कुछ बकाया रहने के बाद खदान सरेंडर कर दी।
सदर तहसील के अढ़ावल में कंपोजिट के दो खंड संचालित रहे हैं। अढ़ावल नंबर दो में दो बार अवैध खनन की कार्रवाई हुई। दूसरी कार्रवाई में खदान संचालक को 53 लाख रुपये के जुर्माने का नोटिस जारी किया गया। सदर तहसील के ओती खंड पर भी जुर्माने की रकम बकाया है।
खनिज अधिकारी सोमेंद्र तिवारी ने बताया कि संगोलीपुर समेत अन्य खदान संचालकों को बकाया जमा करने के लिए नोटिस जारी किया गया है। रकम जमा नहीं करने पर आरसी जारी कराने की कार्रवाई की जाएगी।