फतेहपुर। जिले में चल रही एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) की मोहलत शुक्रवार को समाप्त हो गई। योजना खत्म होते ही बिजली विभाग ने बकाया न चुकाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। पंजीकरण नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को अब न तो सरचार्ज में छूट मिलेगी और न ही मूलधन में किसी तरह की राहत दी जाएगी। जिले में कुल दो लाख 78 हजार 184 डिफॉल्टर विद्युत उपभोक्ता थे। अब भी करीब दो लाख डिफॉल्टर विद्युत उपभोक्ताओं ने ओटीएस योजना का लाभ नहीं लिया। अधीक्षण अभियंता अनिल वर्मा ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने बकाया विद्युत बिल जमा नहीं किया है, उनके खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। इसमें बकाया वसूली के साथ ही कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी शामिल होगी।