फतेहपुर। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। पिछली शिकायतों का निस्तारण न होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। भाकियू नेताओं ने सिंचाई के लिए दिन में बिजली देने की मांग रखी।
भाकियू जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने कहा कि कोंडार गोशाला में गोवंश मर रहे हैं। मवेशियों के बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उन्होंने किसानों के विद्युत बिल के संशोधन में वसूली करने का आरोप लगाया।
सीडीओ सूरज पटेल ने किसान दिवस की शिकायतों का समय पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। उप कृषि निदेशक राममिलन सिंह परिहार ने बताया लघु सिंचाई विभाग में मध्यम व गहरी बोरिंग का लक्ष्य शासन से मिला है। बोरिंग के इच्छुक किसान पंजीकरण करा लें।
जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह, डिप्टी आरएमओ संजय श्रीवास्तव, लोकनाथ पांडेय, मनीष तिवारी, जयदेव सिंह गौतम मौजूद रहे।