बहुआ (फतेहपुर)। कस्बा के चौराहा में लगा 400 केवीए का ट्रांसफार्मर हादसों का दावत दे रहा है। सड़क किनारे रखे इस ट्रांसफार्मर पर बिजली विभाग के अधिकारी सेफ्टीगार्ड (लोहे की सुरक्षा जाली) लगाना मुनासिब नहीं समझ रहे हैं। जबकि चौराहे से रोज हजारों लोगों का आवागमन होता है।
पुलिस चौकी के सामने कस्बा चौराहा में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर रखा है। इससे कस्बा के बांदा रोड, गाजीपुर रोड में बिजली की सप्लाई दी जाती है। ट्रांसफार्मर की फाउंडेशन सड़क से जुड़ी हुई बनी है। पैदल राहगीर फाउंडेशन के जुड़कर निकलते हैं। मोहल्ले के फुन्नू शर्मा ने बताया कि ट्रांसफार्मर में लोड अधिक होने पर केबल व तार में स्पार्किंग होती है और चिंगारी उठती है। जिससे कभी भी हादसा हो सकता है। राजू शर्मा, अशोक गुप्ता ने बताया कि चौराहे पर ही बांदा रूट की बसें रुकती हैं। यहां पर रुक कर यात्री बसों और अन्य प्राइवेट वाहनों का इंतजार करते हैं। चौराहे पर रखे इस ट्रांसफार्मर में बिजली विभाग के अधिकारियों को सेफ्टी गार्ड लगवाना चाहिए। अधिशासी अभियंता प्रभाकर पांडेय ने बताया कि जमीन पर रखे ट्रांसफार्मरों से हादसा न हो। इसके लिए सेफ्टी गार्ड लगाना जरूरी है। बहुआ उपकेंद्र के अवर अभियंता से इसकी जानकारी ली जाएगी और सेफ्टी गार्ड लगवाया जाएगा।