खागा। तहसील क्षेत्र की समितियों में 10 दिन से यूरिया नहीं है। सहकारी समितियों तक किसान आते हैं और लौट जाते हैं। धान की फसल में यूरिया का छिड़काव न हो पाने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं जिन प्राइवेट दुकानों में यूरिया है। वह मंहगे दाम पर खाद बेच रहे हैं।
इफ्को खाद के लिए तहसील क्षेत्र के सरसई, बुदवन, मंडवा, मोहम्मदपुर गौती, कोड़ारवर, अल्लीपुर, जगजीवनपुर, ओरम्हा सहकारी समिति से किसान खाद लेकर फसलों की जरूरत को पूरा करते हैं। 10 दिन से यूरिया खाद इन समितियों में नहीं है। समितियों में ताला बंद है और किसानों को जानकारी देने के लिए वहां पर कोई कर्मचारी तक नहीं मिलता है। गड़ोलेपुर के किसान राजेंद्र सिंह, काही के सुरेश चंद्र, अकोड़िया के छबिलाल, संग्रामपुर के रामू
सिंह, गोपालपुर के रामदीन ने बताया कि समितियों में यूरिया खाद न होने से प्राइवेट दुकानों से खरीदना पड़ रहा है। 266.50 रुपये वाली यूरिया को प्राइवेट दुकान में 300 रुपये की खरीदना पड़ रहा है। एडीओ सहकारी केके राय ने बताया कि जिला केंद्र पर यूरिया नहीं है ।समिति के सचिवो ने डिमांड भेजी है। जिला केंद्र यूरिया आते ही समितियों में भेज दी जाएगी।