फतेहपुर। प्रदेश सरकार के एक मंत्री के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद जनपद में भी हड़कंप है। कुछ दिन पहले जिले के एक विधायक ने अपने क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष समेत कुछ अन्य लोगों के साथ मंत्री से मुलाकात की थी। अब मंत्री के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद यहां भी सबके हाथ-पांव फूल गए हैं। विधायक और उनके समर्थकों ने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक कुछ दिन पहले एक विधायक ने लखनऊ में प्रदेश सरकार के मंत्री से मुलाकात की थी। विधायक के साथ उनके क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष और कुछ पार्टी कार्यकर्ता भी थे। मंत्री में कोरोना संक्रमण की पुष्टि से विधायक और उनके समर्थकों में हड़कंप है। चिकित्सक की सलाह पर विधायक ने खुद को लखनऊ स्थित सरकारी आवास में क्वारंटीन कर लिया है। उनके साथ मंत्री से मिलने पहुंचे समर्थक भी होम क्वारंटीन हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक विधायक और उनके समर्थक मंत्री से मिलने लखनऊ के अलावा उनके गृह जनपद प्रतापगढ़ भी कई बार जा चुके हैं। विधायक और उनके समर्थकों के क्वारंटीन होने से पार्टी नेताओं में हलचल मची हुई है।
इनसेट:-
भाजपा नेता और उनका परिवार भी है पॉजिटिव
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता और इनका बेटा कोरोना पॉजिटिव मिल चुके हैं। इनका थरियांव स्थित कोविड एल-वन हॉस्पिटल में उपचार चल रहा है। परिवार में अब तक छह अन्य सदस्य भी संक्रमित हैं।