अमौली (फतेहपुर)। चांदपुर थाना क्षेत्र के देवचली गांव में बरात लौटने के बाद एक परिवार के दो पक्षों में विवाद हो गया। पथराव होने से अफरातफरी मच गई। दोनों पक्षों से 14 लोग चोटिल हुए। एक पक्ष के दो लोगों को सीएचसी से जिला अस्पताल को रेफर किया गया। देवचली निवासी अंकित की शनिवार शाम बरात कानपुर जा रही थी। निकासी में महिलाओं से छींटाकशी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी खुन्नस में रविवार दोपहर संजय और दूसरे पक्ष के शिवा में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। संजय पक्ष से लालू पत्नी राजकुमार और छोटे लाल की बेटी विमला गंभीर रूप से घायल हुई। दोनों को रेफर किया गया है । इसी पक्ष से विमला की बहन कल्लो, छोटेलाल, संजय, बच्चू को भी चोटें आई। दूसरे पक्ष के विशाल की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। जिसमें बाबूलाल,अरविंद, शिवा को मारपीट में चोटें आने बात कही गई है। एसओ केशव वर्मा ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट आने बाद कार्रवाई की जाएगी।