फतेहपुर के हसवा में बिलंदा हाइवे पर लूटकांड की घटना के मुख्य आरोपी व शातिर बदमाश बाबू डान को एसओजी टीम ने एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दो अन्य को भी पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने कई वारदातों को अंजाम देने की बात कुबूली है।
कबीरपुर गांव निवासी राकेश चौहान के साथ 31 मई को बदमाशों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था। राकेश की बाइक और साढ़े नौ हजार रुपये व मोबाइल लूट लिए गए थे। इसके बाद बदमाशों ने थरियांव बाईपास में धर्मदासपुर निवासी पिंटू के साथ भी बाइक चोरी करने का प्रयास किया लेकिन मारपीट होने के दौरान पिंटू ने शोर मचा दिया।
जिससे ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। एसओजी नें आशुतोष उर्फ बाबू डान को बिलंदा के एक ढाबे से खाना खाते समय उठा लिया। उसी के आधार पर पुलिस ने गांव के तीन अन्य साथियों को पुलिस ने उठाया है। बिलंदा कस्बे में कुछ माह पहले कई घटनाएं हुई थी। जिनमें पुलिस को कोई सुराग हाथ नही लगा था।
बाबू डान के गिरफ्तारी से सारे मामले खुल गये है। सराफा व्यवसायी के यहां भी इसी गुट ने चोरी की थी। लेकिन पुलिस को शक होने पर आरोपी परदेस चला गया था। घटना के एक सप्ताह पहले ही आया था। एसओजी से मिली जानकारी के अनुुसार आरोपी कोर्ट में समर्पण की तैयारी में था।
बिलंदा कस्बे का रहने वाला आशुतोष बाबू डान के नाम से चर्चित हो गया। अपने फेसबुक एकाउंट भी बाबू डान के नाम से चलाता है। यह अपने साथ बिलंदा के कई साथियों के साथ घटना को अंजाम देता रहा। काफी प्रयास के बाद यह पुलिस के हाथ लगा।