थरियांव (फतेहपुर)। थाना क्षेत्र के एक गांव में ग्राम प्रधान की मानसिक विकलांग बेटी के साथ पड़ोसी युवक ने दुष्कर्म किया। ग्रामीणों ने आरोपी को पीटकर पुलिस के हवाले किया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया है।
पुलिस पूछताछ में ग्राम प्रधान ने बताया कि सोमवार रात परिवार वाले खाना खाने के बाद छत पर सोने गए थे। वह नीचे के कमरे में सोए थे। रात करीब 12 बजे 16 साल की बेटी लघुशंका के लिए छत से नीचे उतरी थी। घात लगाए बैठा पड़ोसी श्रवण कुमार (43) लड़की का मुंह दबाकर उठा ले गया। उसके साथ रात भर दरिंदगी की। उधर, प्रधान की पत्नी की भोर पहर नींद खुली। बेटी को गायब देखकर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन और
ग्रामीण खोजबीन में जुट गए। पड़ोसी पर शक होने पर उसका दरवाजा खटखटाया, लेकिन उसने दरवाजा नहीं खोला। ग्रामीणों ने बताया कि युवक के पिता के पास लाइसेंसी बंदूक है। वह अक्सर मामूली विवाद में बंदूक लेकर बाहर निकल आता था। इसी डर से ग्रामीण घर में नहीं घुसे। इस बीच ग्रामीणों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। सुबह करीब छह बजे पुलिस के पहुंचने पर आरोपी पीछे के रास्ते से भागने की कोशिश की। ग्रामीणों ने आरोपी
पकड़ लिया। घर के अंदर से बेहाल हालत में किशोरी को बाहर निकाला गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी श्रवण कुमार गांजा का लती है। लॉकडाउन में गांव आया था। वह शादीशुदा है। उसके दो बच्चे हैं। परिवार दिल्ली में रहता है। वह दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है। पिता गांव में रहते हैं। थानेदार विनोद कुमार ने बताया लड़की का मेडिकल कराया गया है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।