बिंदकी। गैस चूल्हे पर खाना पकाते समय लीकेज सिलिंडर में आग लग गई। पड़ोसियों और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। दमकल गांव के किनारे तक पहुंची, लेकिन सड़क खराब होने और पानी भरा होने से घटनास्थल तक नहीं पहुंच पाई।
कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव में रामदास कुशवाहा की पत्नी विनती देवी घर में खाना पका रही थीं। अचानक सिलिंडर में आग लग गई। शोर सुनकर तब तक पड़ोसी और गांव के लोग आ गए। सबमर्सिबल पंप चलाकर आग को बुझाने का प्रयास किया गया। काफी प्रयास के बाद आग को बुझाया जा सका। तब तक नगदी, कपड़ा, अनाज व ढेरों सामान जल चुका था। परिवार ने लाखों रुपये की क्षति बताई है। ग्रामीणों ने बड़ी हिम्मत से गैस सिलिंडर में लगी आग को बुझाया और दूर ले जाकर फेंका। यदि सिलिंडर फट जाता तो हादसा बड़ा हो सकता था। इधर, सूचना पर भी दमकल घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों से मांग किया गया कि सड़क को पक्का करा दिया जाए, लेकिन अभी तक सड़क कच्ची है। कच्ची सड़क में पानी भरा रहता है जिसके चलते निकलना मुश्किल हो जाता है।