फतेहपुर। सदर अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग का स्थान गुरुवार को बदल गया। अस्पताल के सामने शगुन मैरिज हॉल में स्क्रीनिंग हुई। करीब आधा किलोमीटर तक लगी प्रवासियों की लाइन से दवा विक्रेता डर गए और उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दी। इन लाइनों के चलते उनके पास ग्राहक भी नहीं आ रहे थे।
जिले में हर दिन बाहर से आने वाले और थर्मल स्क्रीनिंग कराने वालों की संख्या निरंतर बढ़ती जा रही है। दो दिनों से थर्मल स्क्रीनिंग प्वाइंट पर इतनी भीड़ हो रही थी कि स्वास्थ्य कर्मी व डॉक्टर दोनों परेशान थे। इस वजह से गुरुवार को स्थान बदलकर शगुन मैरिज हाल कर दिया गया। यहां तो सुबह सैकड़ों की संख्या में प्रवासी पहुंच गए। हालात यह रहे कि नई तहसील से सदर अस्पताल तिराहा तक दोनों छोर पर आधा किलोमीटर तक लंबी लाइनें लगी
रही । भीड़ बढ़ने से दवा विक्रेताओं की हिम्मत डोल गई । दवा विक्रेताओं ने दुकान बंद कर दी । केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के महामंत्री सुनीत सिंह ने बताया कि प्रवासियों की भीड़ के चलते ग्राहक उनकी दुकानों तक नहीं आ रहे थे। साथी दवा विक्रेताओं के स्वास्थ्य को लेकर के भी खतरा बना था। हालात यह रहे की दोपहर 2:30 बजे तक 1400 लोगों की स्क्रीनिंग हुई । उधर, सीएमएस डॉ प्रभाकर का कहना है कि जिला अस्पताल का नाला अधूरा पड़ा होने की वजह से परेशानी आ रही थी। जिसके चलते थर्मल स्क्रीनिंग का प्रबंध शगुन मैरिज हाल परिसर में किया गया है वहां पर्याप्त जगह है।