अमौली (फतेहपुर)। बाहर से आए युवक को क्वारंटीन के लिए जोर देने पर पीआरडी जवान को परिवार ने जमकर पीटा। उसकी राइफल भी गायब कर दी। पुलिस ने पूरा मोहल्ला घेर लिया है। घर-घर छानबीन की जा रही है। पीआरडी जवान चांदपुर थाने में तैनात है।
पीआरडी जवान कस्बा निवासी खलील ने बताया कि वह सोमवार की रात ड्यूटी से बाइक से घर लौट रहा था रास्ते में उसे पता चला कि कस्बे के खटिकाना मोहल्ले में एक युवक बाहर से आया है। सूचना पर वह उसके घर पहुंचा। परिजनों से युवक का मेडिकल चेकअप कराकर क्वारंटीन भेजने की सलाह दी । खलील ने बताया कि इतना सुनते ही उसके परिवार के लोग नाराज हो गए। समर्थन में कुछ और लोग भी आ गए। इसके बाद सभी लोग
उसे पीटने लगे। उसकी राइफल छीनकर गायब कर दी गई। जैसे तैसे वह खुद को बचाकर दूर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। राइफल छीन लेने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते चांदपुर पुलिस टीम व कई थानों की फोर्स पहुंच गई। पूरे मोहल्ले को घेर लिया है। एक-एक घर की तलाशी ली जा रही है। घटना सुनकर सीओ, एडिशनल एसपी व एसपी प्रशांत वर्मा भी मौके पर पहुंच चुके हैं। थानेदार केशव वर्मा ने बताया कि कहासुनी हुई थी। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।