जोनिहा/असोथर। अलग-अलग स्थानों पर मार्ग दुर्घटनाओं में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में हादसे के बाद यातायात बाधित रहा। पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया।
बांदा के तिंदवारी निवासी जयदीप (25) ट्रक चालक है। वह कानपुर से बांदा परचून का भाड़ा लादकर जा रहा था। दूसरी ओर से फैजाबाद का चालक फैजल रीवां से वापस कानपुर जा रहा था। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के बरदरा मोड़ पर दोनों ट्रकों की सुबह सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हुए। हादसा
हाईवे पर होने से जाम की समस्या पैदा हो गई। पुलिस चौकी पहुंची। पुलिस ने क्रेन से वाहनों हटवाया। दोनों वाहनों के हटने के बाद यातायात बहाल हो सका। चौकी इंचार्ज राजेंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चालक जयदीप की हालत गंभीर है। दूसरे चालक फैजल को भी चोटे आई है। इधर, असोथर थाना क्षेत्र के विधातीपुर गांव निवासी
प्रेमपाल का बेटा दिलीप (18) घर के बाहर खड़ा था। पास में फूल सिंह का ट्रैक्टर खड़ा हुआ था। गांव के सूरजभान पाल कार लेकर इसी रास्ते से जा रहे थे। ट्रैक्टर खड़ा होने की वजह से फंस गए। उन्होंने शोर मचाकर ट्रैक्टर हटवाने के लिए चालक को बुलाने की कोशिश की। चालक फूल सिंह नहीं पहुंचा। सूरजभान ने पेचकस लगाकर ट्रैक्टर चालू किया। ट्रेक्टर में गियर पड़ा था। बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आने से दिलीप गंभीर रूप से घायल हो गया।