फतेहपुर। लॉकडाउन के बीच ग्राम पंचायतों में मनरेगा के काम शुरू करा दिए गए हैं। गांवों में रह रहे मजदूरों को रोजगार देने के लिए 456 प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं। इनमें जल संरक्षण, भूमि सुधार, संपर्क मार्ग, नहरों की नालियों की मरम्मत जैसे काम शामिल हैं।
जनपद की कुल 840 ग्राम पंचायतों के सापेक्ष 456 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के काम हो रहे हैं। मनरेगा उपायुक्त पुतान सिंह ने बताया कि हर ग्राम पंचायत में एक-एक कार्य योजना शुरू की गई है। इन परियोजनाओं से अब तक 8,468 श्रमिकों को रोजगार से जोड़ा गया है। सभी श्रमिकों को मनरेगा गाइडलाइन के मुताबिक 201 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से पारिश्रमिक मिलेगा। कार्यस्थल पर शारीरिक दूरी बरकरार रखने के लिए किसी भी सामान्य प्रोजेक्ट में
तीस से अधिक श्रमिक न लगाने के निर्देश दिए गए हैं। जिस भी संख्या में श्रमिक काम पर होंगे उन्हें एक-दूसरे से कम से दो मीटर की दूरी बनाए रखने और चेहरे को मॉस्क अथवा गमछे से ढंकने के लिए जागरूक किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि शीघ्र ही सभी 840 ग्राम पंचायतों में मनरेगा के काम होने लगेंगे।