औंग (फतेहपुर)। हरियाणा, अंबाला और लुधियाना से रविवार की रात चार बसों से यहां पहुंचे 113 लोगों को उनके गांव के करीबी क्वारंटीन सेंटरों में भेजा गया। सुरक्षा के लिहाज से एक-एक हेड कांस्टेबल भी साथ भेजे गए। सभी लोगों को पहले औंग के जेडी महाविद्यालय में रखा गया। सोमवार को डीएम के निरीक्षण के बाद 58 को दो बसों से उनके गांव तक पहुंचाया गया।
घर वापसी करने वाले प्रवासियों को सबसे पहले क्वारंटीन किया जा रहा है। रात करीब तीन बजे तक चार बसों से हरियाणा के 113 प्रवासियों को लाया गया। इनमें से 27 लोगों को वाटिका रिसोर्ट व 86 को जेडी महाविद्यालय में ठहराया गया। सोमवार को डीएम संजीव सिंह इन क्वारंटीन सेंटरों का हाल जानने पहुंचे। सभी को सामाजिक दूरी के मामले में किसी तरह का समझौता न करने की हिदायत दी। डीएम के निरीक्षण के बाद 56 लोगों को खागा, हथगाम और ऐरायां के लिए रवाना कर दिया गया। अब जेडी कॉलेज में 30 प्रवासी क्वारंटीन हैं, जबकि वाटिका रिसोर्ट में 27 हैं।
औंग। जेडी महाविद्यालय के क्वारंटीन सेंटर में लोगों ने बदइंतजामी पर नाराजगी जाहिर की और नारेबाजी करने लगे। सेंटर में खाने-पीने की व्यवस्था न किए जाने का आरोप लगाया। सूचना बिंदकी एसडीएम प्रह्लाद सिंह को दी गई। बाद सभी को उनके ब्लाक क्षेत्र के क्वारंटीन सेंटर भेज दिया गया।