फतेहपुर। लॉकडाउन में गैर राज्यों में फंसे लोगों को वापस लाने की तैयारी को लेकर जनपद स्तर पर भी होमवर्क शुरू हो गया है। तकरीबन दस हजार लोगों को क्वारंटीन कराने की व्यवस्था की जा रही है। बडे़ पैमाने पर इंटर कॉलेज और स्कूल भवन अधिग्रहीत किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी संजीव सिंह के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक महेंद्र सिंह ने तेरह ब्लाकों में 10-10 कालेज भवन अधिग्रहीत किए हैं। इन भवनों को बतौर क्वारंटीन सेंटर प्रयोग में लाया जाएगा। इसके अलावा मैरिज हॉल भी अधिग्रहीत किए जाएंगे। डीएम ने बताया कि गैर राज्यों से घर वापसी करने वाले लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग और उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। बाहर से आने वाले लोगों को होम क्वारंटीन रहना होगा। इसके अतिरिक्त आपात स्थिति में तकरीबन दस हजार से अधिक लोगों को क्वारंटीन कराने के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।