नोएडा में अपनी सोसाइटी के पार्क की सफाई करते डा. पंकज।
- फोटो : FATEHPUR
फतेहपुर। नोएडा में रह रहे जिले के डॉ. पंकज ने कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में अतुलनीय कार्य किया है। कोरोना उनकी सोसाइटी में न आए, इसके लिए करीब एक किलोमीटर की परिधि में फैले पार्क को अकेले 25 दिन में लकालक कर डाला। जब उन्हें पता चला कि फतेहपुर में लोग लॉकडाउन नहीं मान रहे तो फतेहपुरिया स्टाइल में एक वीडियो बनाकर उसे वायरल कर दिया। अब यह वीडियो पूरे फतेहपुर में फतेहपुरिया अंदाज के चलते धूम मचाए है।
मजमून कुछ यूं है ‘भइया राम-राम, हमार नाम है डॉक्टर पंकज। हम नोएडा में रहित है। फतेहपुर के मवई गांव का हम हई और यहां नोएडा में खूब चर्चा में हैं। हमार एक फतेहपुरिया से बात हुई। ई सुना है कि हमरे जितने फतेहपुरिया है ऊ लॉकडाउन का मानत नहीं हैं। का ई बात सही है। यदि हां तो बहुतै गलत है। जौन कमायो, बनायो
ओका भोगै नाहीं चाहत हो का। काहे कोऊ का कहना नाहीं मान रहे हौ। सरकार के चिल्लात-चिल्लात गला सूखि गए। या बताऔ जौन नाहीं मानत हौ ओका कारण का है। कैसे मनिहौ। अबै एकौ केस फतेहपुर मा नहीं आय, यही अकड़ में घूमत हौ का, तुम्हार भाई नोएडा में पूरा एक किलोमीटर का पार्क अकेले 25 दिनन मा साफ करि डाला।
ई- देखौ हाथन मा छाला पड़िगै। हम हियन पूरी मीडिया में छाए हैं और तुम हुआं घूमत हौ... कुछ इसी फतेेहपुरिया स्टाइल में डॉक्टर पंकज ने समझाते हुए लोगों को लॉकडाउन मानने, सामाजिक दूरी बनाए रखने की नसीहत दी है। करीब साढ़े सात मिनट के इस वीडियो ने जिले में धूम मचा दी है।
नोएडा के सेक्टर 121 होम्स में रहने वाले डॉक्टर पंकज शर्मा रात-दिन मेहनत कर सोसाइटी स्थित नोएडा अथॉरिटी की ग्रीन बेल्ट को साफ कर रहे हैं। डॉ. पंकज ने फोन पर हुई बातचीत में कहा कि यदि किसी वजह से यह संक्रमण सोसाइटी के किसी एक भी व्यक्ति को हो जाता तो यहां के सभी लोगों की जान को खतरा हो सकता था। डॉ. पंकज शर्मा मूलरूप से जिले के ग्राम मवई निवासी पूर्व फौजी सूर्य कुमार शर्मा के बेटे हैं। नोएडा में पत्नी डॉक्टर अंकिता के साथ मिलकर रिवाइवल हेल्थ केयर कंपनी चलाते हैं। डॉ. पंकज के दो भाइयों ने फौज में रहकर देश की सेवा की। भतीजा कैप्टन आदित्य शर्मा सेना में कार्यरत है।