फतेहपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को पंचायती राज दिवस पर प्रदेश के तीन प्रधानों से बातचीत करेंगे। इसके लिए जिले से भी दो प्रधानों का चयन कर इसकी रिपोर्ट शासन को भेजी गई है। हालांकि बातचीत के लिए अंतिम मुहर लगनी बाकी है। प्रधानों में इसे लेकर काफी उत्सुकता है।
शासन से आए पत्र में बताया गया है कि शुक्रवार को 11 से 12 बजे तक प्रधानमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानों से बातचीत करेंगे। पंचायती राज निदेशक किंजल सिंह को खजुहा ब्लाक के हिम्मतपुर प्रधान धरवेश सिंह परिहार व मलवां ब्लाक के शिवराजपुर प्रधान सूरजपाल के नाम भेजे गए हैं। डीपीआरओ अजय आनंद सरोज ने बताया कि ग्राम प्रधान सूरजपाल व प्रधान धरवेश सिंह परिहार ने पीएम किसान सम्मान योजना, पीएम श्रमिक
कल्याण योजना में लाभार्थियों को जनधन खाते में रुपये पहुंचाने में सक्रियता दिखाई है। कंट्रोल रूम से प्रतिदिन लोगों को कोरोना से सचेत करने की जानकारी दे रहे हैं। ग्राम पंचायत में साफ सफाई, ब्लीचिंग का छिड़काव कराया। फागिंग व आवश्यक सामग्री का वितरण कराया। डाकघर कर्मियों के सहयोग से लोगों को जरूरत के अनुसार रुपये दिलाए।
ग्राम प्रधान सूरजपाल ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह जब भी जिले में आए हैं, उनके कार्यक्रम में सहभागिता के चलते सामाजिक कार्यों के प्रति लगाव और बढ़ गया। जिले की सबसे बड़ी गोशाला का शिवराजपुर ग्राम पंचायत में संचालन हो रहा है। नीर निर्मल परियोजना से सबसे पहले शिवराजपुर में 40 टंकियां बनाई गईं। इस कार्य के लिए और सीडीओ ने सम्मानित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से यदि बात हो गई तो यह उनके लिए दूसरे प्रधानमंत्री से बात कर पाने की उपलब्धि होगी।
प्रधान धरवेश सिंह परिहार ने बताया कि 2018 में पंचायती राज के एक कार्यक्रम में जबलपुर गया था। यहां पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अवार्ड देकर सम्मानित किया था। इसके बाद अक्तूबर 2019 में गुजरात के साबरमती में स्वच्छ भारत मिशन के कार्यक्रम में जिले से भेजा गया था। यहां भी प्रधानमंत्री ने सम्मानित किया और गुजरात मॉडल गांवों का भ्रमण कराया गया था। प्रधानमंत्री से बातचीत को लेकर काफी उत्सुकता है।