फतेहपुर। समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए किसानों को इस बार क्रय केंद्र व केंद्र प्रभारी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। क्रय केंद्र में किस किसान के गेहूं की तौल कब होगी, इसकी सूचना उसे पंजीकृत मोबाइल पर दी जाएगी। इसके लिए किसानों को अपना पंजीकरण नंबर केंद्र प्रभारी को मोबाइल पर बताना होगा। आईडी जनरेट करने के बाद मैसेज मिलने मिलेगा।
लॉकडाउन में किसानों को गेहूं बेचने में दिक्कत न हो, इसके लिए 15 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर खरीद शुरू होगी। इसमें किसानों को 1925 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूं का मूल्य मिलेगा। किसानों का पहले अपना पंजीकरण कराना होगा, फिर उप जिलाधिकारी के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन होगा। जिस क्रय केंद्र में किसानों
को अपना गेहूं बेचना है। विपणन विभाग की वेबसाइट पर सर्च करने में केंद्र प्रभारी का नाम व मोबाइल नंबर आएगा। उस मोबाइल नंबर पर किसान को अपनी पंजीकृत आईडी नंबर बतानी होगी। तब केंद्र प्रभारी आईडी जनरेट करेंगे और किसानों के मोबाइल नंबर पर मैसेज पहुंच जाएगा। उसमें किसान को किस दिन क्रय केंद्र में गेहूं लेकर जाना है, उसकी सूचना रहेगी।
डिप्टी आरएमओ रमेश श्रीवास्तव ने बताया कि क्रय केंद्र में गेहूं बेचने के लिए किसानों को भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है। मोबाइल से ही किसानों को अपना पंजीकरण करना है और मोबाइल से ही केंद्र प्रभारी को आईडी नंबर बताना है। जिस दिन का मोबाइल में मैसेज आए, उसी दिन किसान अपने गेहूं को लेकर क्रय केंद्र में पहुंचे। लॉकडाउन को ध्यान में रखकर गेहूं की खरीद होगी। क्रय केंद्र किसी प्रकार की भीड़ नहीं लगाई जाएगी।