फतेहपुर। कोरोना से मिलते जुलते लक्षण पाए जाने पर एक और शख्स को क्वारंटीन किया गया है। रविवार तक क्वारंटीन होने वालों की संख्या तीन थी। सोमवार को यह बढ़कर चार हो गई।
सीएमओ डॉ. उमाकांत पांडेय ने बताया कि चारों को नेवलापुर स्थित स्पोर्ट्स कालेज में क्वारंटीन किया गया है। सभी का कोरोना टेस्ट के लिए नमूना वाराणसी स्थित लैब भेजा गया है। गैर प्रांत से आए एक शख्स को खांसी की समस्या थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी तो उसे स्पोर्ट्स कालेज लाकर क्वारंटीन में रखा गया है। जहां उसके खून का नमूना लेकर वाराणसी स्थित लैब में जांच के लिए भेजा गया था। एक दिन पूर्व में तीन अन्य रोगियों को भी इसी परिसर में क्वारंटीन पर रखा गया है। सीएमओ ने बताया कि अभी किसी की भी जांच रिपोर्ट नहीं आई है। यदि रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो रोगी को थरियांव सीएचसी में भर्ती किया जाएगा। निगेटिव आने पर स्पोर्ट्स कालेज में ही चौदह दिनों तक क्वारंटीन रखा जाएगा।