फतेहपुर। घरों में सामान की आपूर्ति के लिए नगर पालिका कर्मियों के साथ शिक्षक भी मदद करेंगे। लॉकडाउन में नगरपालिका की टीमों की मदद अब माध्यमिक शिक्षक भी करेंगे। डीएम संजीव सिंह ने डीआईओएस से 50 शिक्षकों की सूची लेकर पास जारी कराना शुरू करा दिया है। शहर में जरूरी सामान की आपूर्ति घरों तक पहुंचाने की कवायद तेज की गई है। घरों में सामान की आपूर्ति के लिए नगर पालिका ने 46 टीम बनाई है। उसी में प्रत्येक टीम में एक शिक्षक शामिल किए जा रहे हैं। रविवार को डीआईओएस दफ्तर खोलकर विभिन्न एडेड स्कूलों के 50 शिक्षकों को सादे पास बांटे गए। सोमवार को शिक्षक पास जमा करेंगे। इसी दिन डीएम के हस्ताक्षर के बाद शिक्षकों की ड्यूटी लगा दी जाएगी। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शिक्षकों को क्या करना है, इसकी जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।