फतेहपुर। कल्यानपुर पुलिस पहुर गांव में मूर्ति चोरी की रिपोर्ट 11 दिन बाद भी दर्ज नहीं की गई है। पुलिस की लचर कार्यशैली ने मूर्ति को बाहर भेजने का रास्ता आसान कर दिया है। खास बात तो यह कि पुलिस के पास मूर्ति बरामदगी के लिए अभी तक कोई योजना नहीं है। ऐसे में साफ है कि पुलिस मूर्ति चोरी की घटना को भुलाने की कोशिश कर रही है।
पहुर गांव में ठाकुरद्वारा मंदिर से 12 मार्च की रात श्रीकृष्ण की बेशकीमती मूर्ति चोरी हो गई थी। मूर्ति चोरी की जानकारी दूसरे दिन सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी चंद्रशेखर दुबे को हो पाई थी। सूचना पर कल्यानपुर पुलिस ने मामले की छानबीन की थी। पुजारी ने घटना के दिन ही मूर्ति चोरी की तहरीर दी थी। पहले दिन पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं किया। दूसरे दिन दूसरे गांव में रहने वाले दूसरे पक्ष ने आशीष मिश्रा ने थाने में तहरीर देकर पुजारी और उनके पिता मंदिर के सर्वराकार पर मूर्ति गायब करने का आरोप लगाया था। मंदिर के नाम 15 बीघे जमीन है। तहरीर देने वाले दोनों पक्षों के बीच मालिकाना हक के लिए अदालत में वाद विचाराधीन है। थानेदार विनोद कुमार सिंह ने मामले की जांच चौकी इंचार्ज चौडगरा को सौंपकर अपना पल्ला झाड़ लिया है। चौकी इंचार्ज 11 दिन में यह जांच भी पूरी नहीं कर पाए हैं कि एफआईआर लिखनी है या नहीं। थानाध्यक्ष ने बताया कि चौकी इंचार्ज अवकाश पर हैं। लौटने के बाद जांच पूरी करेंगे। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।