फतेहपुर। जिले में समाचार पत्र बांटने वालों पर किसी तरह की कोई रोक नहीं है। जिलाधिकारी संजीव सिंह का कहना है कि हॉकर निर्बाध तरीके से ग्राहकों को समाचार पत्र बांट सकते हैं। साथ ही सलाह दी गई है कि कहीं भी समूह के रूप में लोगों को जुटाकर वितरण या बिक्री न करें।
बता दें कि सोशल मीडिया के माध्यम से कुछ लोगों ने यह अफवाह फैला रखी है कि अखबार छूने से कोरोना वायरस का संक्रमण हो सकता है। यह पूरी तरह से गलत और अफवाह मात्र है। समाचार पत्र किसी भी तरह से कोरोना विषाणु के वाहक नहीं हैं। समाचार पत्र की ओर से यह साफ किया जा चुका है कि अखबार के छपने से लेकर आपूर्ति तक सैनिटाइजेशन का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। किसी को अफवाहों से डरने की जरूरत नहीं है। अखबार पूरी तरह सुरक्षित है और उसे बांटने पर भी किसी तरह की रोक जिला प्रशासन की ओर से नहीं लगाई गई है। इसी मुद्दे पर जिलाधिकारी संजीव सिंह ने स्पष्ट किया है कि कोरोना को लेकर बेवजह अफवाह फैलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। जिले में कहीं भी समाचार पत्र वितरण या बिक्री पर रोक नहीं है। किसी भी हॉकर को उसके क्षेत्र में वितरण से रोका नहीं जा रहा है।