चौडगरा। कल्यानपुर थानाक्षेत्र में हाईवे पर एक होटल के पास रविवार की रात सड़क पार करते समय कार की टक्कर से कोरसम ग्राम प्रधान गंभीर घायल हो गए। कानपुर में इलाज हो रहा है। कोरसम गांव प्रधान सुनील सिंह(40) देर रात पैदल हाईवे पार कर होटल में जा रहे थे।
फतेहपुर की तरफ से आ रही मारुति कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से प्रधान गंभीर घायल हो गए। साथियों ने प्रधान को पीएचसी गोपालगंज पहुंचाया, जहां से डाक्टरों ने कानपुर रेफर कर दिया है। प्रधान प्रतिनिधि राजू सिंह ने बताया कि पैर टूट गया है और भी शरीर में कई जगह चोटें हैं। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर थाने में खड़ी कराया है। थानेदार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि अभी घायल की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद